February 19, 2026

मन की बात; चंद्रयान-3 की सफलता के बाद बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ी: मोदी

‘नेशनल स्पेस डे’ के लिए मांगे सुझाव

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 124वें एपिसोड को संबोधित करते हुए देशवासियों को विज्ञान, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में हो रही उपलब्धियों पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कई ऐसे कार्य हुए हैं जिन पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की वापसी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षित धरती पर वापसी ने पूरे देश को खुशी और गर्व से भर दिया। उन्होंने बताया कि चंद्रयान-3 की सफलता के बाद बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि तेजी से बढ़ी है। इंस्पायर मानक अभियान के तहत अब तक लाखों बच्चे इनोवेशन से जुड़े हैं और यह संख्या चंद्रयान-3 मिशन के बाद दोगुनी हो गई है।

मोदी ने कहा कि देश में स्पेस स्टार्ट-अप्स की संख्या पांच साल पहले जहां 50 से भी कम थी, वहीं अब यह बढ़कर 200 से अधिक हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे मनाया जाएगा और इसके लिए लोगों से नमो ऐप पर सुझाव भेजने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत के छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय रसायन और गणित ओलंपियाड में कई मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। अगले महीने मुंबई में एस्ट्रोनॉमी और एस्ट्रोफिजिक्स ओलंपियाड आयोजित होगा, जो अब तक का सबसे बड़ा होगा।

सांस्कृतिक धरोहर पर बात करते हुए मोदी ने कहा कि यूनेस्को ने 12 मराठा किलों को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया है। इनमें महाराष्ट्र के 11 और तमिलनाडु का एक किला शामिल है। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के साहस, दूरदर्शिता और ऐतिहासिक उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *