झारखंड के बाद अब अंडमान के समुद्र में गिरा पवन हंस हेलीकॉप्टर, 7 लोग थे सवार
पोर्ट ब्लेयर, झारखंड विमान हादसे की घटना के तुरंत बाद अब अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से भी एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। मंगलवार सुबह मायाबंदर के पास समुद्र में एक पवन हंस हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। हालांकि, इस घटना में राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी 7 लोगों की जान बच गई है और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
तकनीकी खराबी के चलते समुद्र में करनी पड़ी लैंडिंग
नागरिक उड्डयन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस हेलीकॉप्टर ने मंगलवार सुबह करीब 8 बजकर 45 मिनट पर श्री विजयपुरम से उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही देर बाद, सुबह लगभग 9 बजकर 30 मिनट पर मायाबंदर के पास हेलीकॉप्टर में अचानक कुछ तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति को बिगड़ता देख पायलट ने सूझबूझ का परिचय दिया और हेलीकॉप्टर की समुद्र में ही क्रैश-लैंडिंग करा दी।
रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी सातों लोग सुरक्षित
पवन हंस के प्रवक्ता ने बताया कि उड़ान के वक्त हेलीकॉप्टर में दो क्रू मेंबर और पांच यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही फौरन बचाव कार्य शुरू किया गया और बीच समुद्र में फंसे सभी सातों लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
अस्पताल में चल रहा है परीक्षण, हादसे की जांच शुरू
समुद्र से सुरक्षित निकाले जाने के बाद, एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है ताकि उनकी मेडिकल जांच की जा सके। वहीं, उड्डयन अधिकारियों और प्रशासन ने इस बात की विस्तृत जांच शुरू कर दी है कि आखिर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में किस तरह की तकनीकी खराबी आई थी।
गौरतलब है कि सोमवार शाम को झारखंड के चतरा जिले के घने जंगलों में एक मेडिकल एयर एम्बुलेंस प्लेन क्रैश हो गया। इस प्लेन में सात लोग सवार थे। इस हादसे में सभी सात लोगों की मौत हो गई।
