February 21, 2026

जागरूक मतदाता लोकतांत्रिक प्रणाली का आधार : एडीसी

एडीसी सलोनी शर्मा ने युवाओं को मतदान के लिए किया प्रेरित
झज्जर, एडीसी सलोनी शर्मा ने कहा कि जागरूक मतदाता लोकतांत्रिक प्रणाली का आधार हैं। युवा मतदाता प्रजातंत्र के अहम प्रहरी की भूमिका निभाते हुए सजग मतदाता बनकर राष्टï्र निर्माण में अपने दायित्व का निर्वहन करें। एडीसी राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय सभागार में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत वोट के प्रति जागरूकता को लेकर आयोजित प्रदर्शनी के उदघाटन अवसर पर कॉलेज विद्यार्थियों को संबोधित कर रही थीं। यह प्रदर्शनी आगामी 4 फरवरी तक कॉलेज सभागार में चलेगी। इस बीच इलेक्शन नायब तहसीलदार सुनील डांगी ने मुख्यातिथि एडीसी सलोनी शर्मा का स्वागत करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।
मुख्य अतिथि एडीसी एवं स्वीप की नोडल अधिकारी सलोनी शर्मा ने कहा कि युवाओं को मताधिकार के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कोई भी अधिकार तब तक आपका है,जब तक आप उसका प्रयोग करते हैं, हमें अधिकार का उपयोग करने के लिए अपने अधिकारों की कीमत के बारे में गहनता से सोचना होगा। उन्होंने कहा कि वोट डालना हमारा कर्तव्य ही नहीं बल्कि अधिकार है।
उन्होंने कहा कि हम अपना प्रतिनिधि पांच वर्ष के लिए चुनते हैं,जो सरकार चलाते हुए हमारे लिए अच्छी शिक्षा,रोजगार,मजबूत अर्थव्यवस्था आदि नीतियां बनाए,यह तभी संभव है जब हम अपना वोट बनवाकर उसका चुनाव में प्रयोग करें।
सलोनी शर्मा ने कहा कि मतदाता बिना किसी दबाव के मतदान करने के लिए युवा शक्ति को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाताओं को पूरी जानकारी सांझा करने के लिए आयोग की ओर से वेबसाइट के माध्यम से भी पूरा सहयोग किया जाता है। उन्होंने प्रदर्शनी में ईवीएम,वीवीपैट,उंगली पर स्याही लगाने , दिव्यांग और विशेषकर बुजुर्गों के लिए मतदान केंद्रों पर प्रदान की जा रही सुविधाओं पर आधारित पेंटिंग और मूर्तियों का अवलोकन किया।
एडीसी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार इस बार – वोट जैसा कुछ नहीं,वोट जरूर देंगे हम – थीम पर आधारित जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है,जिससे युवा मतदाता वोट बनवाकर चुनावों में मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने युवाओं विशेष कर छात्र छात्राओं से प्रदर्शनी का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज प्राचार्य डॉ दलबीर सिंह ने उपस्थित युवा वर्ग को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि देश-प्रदेश की सरकारें मतदाताओं के माध्यम से चुनी जाती हैं जोकि देश हित में नई नीतियों व योजनाओं की जननी बनती हैं। ऐसे में मताधिकार के प्रति जागरूकता प्रजातंत्र में अहम पहलू है।
एडीसी ने उपस्थित युवाओं से कहा कि लोकतंत्र देश की शान है और वोट ही लोकतंत्र की पहचान है। देश व प्रदेश के साथ ही शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की नीति निर्धारण की शक्ति अयोग्य व्यक्तियों के हाथों में न हो इसलिए सोच समझकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें ताकि सशक्त भारत की संरचना में आपका अतुलनीय योगदान रहे।
-यह अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर निर्वाचन कार्यालय की ओर से निर्वाचन उप तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, चुनाव कानूनगो मनीष कुमार सहित कालेज स्टाफ व युवा मतदाता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *