दिल्ली में भाजपा की जीत पर हरियाणा-पंजाब में कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
1 min read
चंडीगढ़: दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी रुझानों में आगे चल रही है। हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जश्न भी मनाया। अब तक के रुझानों को देखे तो 26 साल से अधिक समय के बाद राष्ट्रीय राजधानी में बीजेपी सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है। बीजेपी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यहां सेक्टर-37 में भाजपा मुख्यालय में ढोल की थाप पर डांस किया और पटाखे फोड़े। हरियाणा के करनाल और कुरुक्षेत्र में भी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और मिठाइयां बांटी। इसी के साथ कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और बीजेपी को लेकर प्रतिक्रिया भी दी।
मतगणना रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए, पंजाब भाजपा के महासचिव सुभाष शर्मा ने कहा कि यह अरविंद केजरीवाल के झूठ और बेईमानी की हार है। आज, दिल्ली के लोगों ने दिखा दिया कि आप झूठे वादे करके लंबे समय तक राज्य पर शासन नहीं कर सकते।
शर्मा ने कहा, यह आप और केजरीवाल द्वारा दिल्ली को दयनीय स्थिति में पहुंचाने का नतीजा है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के सभी आप नेताओं के लिए एक सबक है। पिछले तीन सालों में उन्होंने पंजाब के साथ जो किया है, उसकी स्थिति आज दिल्ली में हुई स्थिति से भी बदतर होगी। पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा नेता ने कहा, पंजाब में आप सरकार का पतन आज से शुरू हो गया है। भाजपा नेता और पूर्व सांसद परनीत कौर ने कहा, हमें खुशी है कि भाजपा जीत रही है। कौर ने कहा, इसका पंजाब में असर होगा। क्योंकि वे अपने दिल्ली मॉडल के बारे में बोलते रहे।
उन्होंने कहा कि उनके आम आदमी क्लीनिक यहां काम नहीं आए और उन्होंने जो वादा किया था, उसे पूरा नहीं किया। भाजपा 26 साल से अधिक समय के बाद दिल्ली में सरकार बनाने के लिए तैयार है, चुनाव आयोग के नवीनतम रुझानों में भगवा पार्टी 70 विधानसभा सीटों में से 48 और आप 22 पर आगे चल रही है।