दोषी पर साइबर कानून के अनुसार कार्यवाही की जाएगी: मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नूंह की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सामाजिक सद्भाव बनाए रखें। घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके विरूद्ध कानून के तहत कार्यवाही की जाएगी। एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सद्भाव बनाना सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील की कि वे भी घटना के सम्बंध राजनीति न करें। यदि इस मामले में कोई सुझाव देना चाहते हैं तो उस पर अमल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भडक़ाऊ भाषण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर भ्रमित प्रचार करने वाले लोगों का डाटा एकत्रित किया जा रहा है, ऐसा करने वालों पर साइबर कानून के अनुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा व शांति की बहाली सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस महानिदेशक, एडीजीपी सीआईडी और एडीजीपी, कानून एवं व्यवस्था नूंह में भेजे गए हैं और वे हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इस मामले में एसआईटी गठित करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
