आम आदमी पार्टी को पंजाब में सिर्फ एक नगर निगम में जीत हासिल
चंडीगढ़: पंजाब के पांच नगर निगमों के चुनाव में मतदाताओं ने आम आदमी पार्टी को सिर्फ एक ही निगम में बहुमत का आंकड़ा पार करने का जनादेश दिया है। अन्य चार में से दो में आम आदमी पार्टी आगे तो है लेकिन बहुमत से दूर रह गई है। अमृतसर और फगवाड़ा में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को झटका देते हुए सबसे ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की है। हालांकि बहुमत कांग्रेस भी नहीं प्राप्त कर सकी। इन नगर निगम चुनावों के बाद अब दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी के लिए कुल मिलाकर यह रिजल्ट बहुत उत्साह देने वाले नहीं है। लेकिन शहरी क्षेत्र में पहली बार इतनी बड़ी जीत को वह अपने लिए सकारात्मक मान सकती है। कांग्रेस के लिए नगर निगम से फिर एक अच्छा संकेत निकलकर सामने आया है। फिलहाल प्रदेश में वह आम आदमी पार्टी को टक्कर देने की स्थिति में आ चुकी है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी भी पंजाब में धीरे-धीरे मजबूती की तरफ बढ़ती नजर आ रही है। पंजाब के पांच नगर निगमों में हुए चुनावों में राजनीतिक दलों की स्थिति इस प्रकार रही।
लुधियाना में आम आदमी पार्टी 41 वार्डों में जीत प्राप्त कर सकी है जबकि कांग्रेस 30 भारतीय जनता पार्टी 19 व शिरोमणि अकाली दल दो स्थानों पर जीत हासिल कर सका है। वहीं जालंधर में आम आदमी पार्टी 39 कांग्रेस 24 भारतीय जनता पार्टी 19 व अन्य तीन को विजय हासिल हुई है। अमृतसर में आम आदमी पार्टी को 24 कांग्रेस को 40 भाजपा को 9 शिरोमणि अकाली दल को चार व अन्य आठ को विजय प्राप्त हुई है। इसके अलावा पटियाला में आम आदमी पार्टी 43 कांग्रेस चार,भाजपा चार, शिरोमणि अकाली दल दो स्थानों पर विजयी रहे हैं। फगवाड़ा में आम आदमी पार्टी को 12 कांग्रेस को 21 भाजपा को चार शिरोमणि अकाली दल को चार स्थानों पर विजय हासिल हुई है।
इस तरह सिर्फ पटियाला में आम आदमी पार्टी को बहुमत हासिल हुआ है जबकि अन्य चार में आम आदमी पार्टी पीछे रही है। पटियाला में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का गढ़ रहा है जब तक कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस में रहे पटियाला में उनकी जगह दूसरा कांग्रेसी दिग्गज खड़ा नहीं हो सका था। भाजपा के प्रति किसान आंदोलन के बाद से ही नाराजगी चल रही है।यहां अकाली दल के प्रति भी लोगों में नाराजगी है।
