आम आदमी पार्टी करीब 50 सीटें जीतेगी: गोपाल राय
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों से एक दिन पहले आम आदमी पार्टी के सभी 70 उम्मीदवार और वरिष्ठ नेता राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के आवास पर एकत्र हुए। यह बैठक ऐसे समय में बुलाई गई जब लगभग साने एक्जिट पोल भाजपा के पक्ष में चुनावी परिणाम की भविष्यवाणी कर रहे हैं। आप नेता गोपाल राय ने बताया कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आज आप के सभी विधायकों की बैठक हुई जिसमें सभी उम्मीदवारों ने अपनी रिपोर्ट दी। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक, आम आदमी पार्टी करीब 50 सीटें जीतेगी और 6-7 सीटों पर कांटे की टक्कर होगी। दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने का जनादेश दिया है।
गोपाल राय ने कहा कि जिस तरह से गाली गलोच पार्टी’ एग्जिट पोल के जरिए माहौल बनाने की कोशिश कर रही है कि वे सरकार बनाएंगे लेकिन उनकी हताशा हकीकत बयां कर रही है। जिस तरह से हमारे उम्मीदवारों को भाजपा में शामिल होने के लिए फोन आ रहे हैं और उन्हें मंत्री पद का प्रलोभन दिया जा रहा है उससे स्पष्ट है कि वे एग्जिट पोल के जरिए मनोवैज्ञानिक दबाव बनाकर ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाने की कोशिश कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने सभी उम्मीदवारों से कहा है कि आम आदमी पार्टी सरकार बनाने जा रही है।
आप विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि भाजपा आप विधायकों और उम्मीदवारों को लुभाने की कोशिश कर रही है। हमने अरविंद केजरीवाल को आश्वासन दिया है कि हममें से कोई भी बहकावे में नहीं आएगा। हमने मजबूती से चुनाव लड़ा और कल आप बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि चुनाव के बाद वह सभी प्रत्याशियों से मिलकर उनका फीडबैक ले रहे हैं। कई लोगों के फोन आ चुके हैं।
