February 24, 2026

घर में ही अवैध रूप से चलाई जा रही पटाखा फैक्टरी में अचानक लगी आग

3 लोगों की मौत हो गई

सोनीपत , हरियाणा के सोनीपत के गांव रिढाऊ में घर में ही अवैध रूप से चलाई जा रही पटाखा फैक्टरी में अचानक लगी आग से 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 6 अन्य लोग बुरी तरह झुलसे हुए बताए जा रहे हैं। घायलों को पीजीआई रोहतक ले जाया गया है। सूचना के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। एसीपी जीत सिंह ने टीम सहित मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक एक घर में अवैध रूप से पटाखा फैक्टरी चलाई जा रही थी। बताया जा रहा है कि फैक्टरी से 10-12 लोग काम करते थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे तेज धमाके के साथ फैक्टरी में आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। लोगों ने मामले की सूचना दमकल विभाग की टीम को दी। सूचना के बाद पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।

फैक्टरी में काम कर रहे तीन लोगों की मौत हो गई है। शवों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। वहीं घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया जा रहा कि लोगों को घर के अंदर पटाखा फैक्टरी चलाने की जानकारी नहीं थी। हादसे के बाद इसका पता लग सका है। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पहले राहत व बचाव कार्य चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *