पाकिस्तान के पेशावर हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान सऊदी अरब के एक यात्री विमान में अचानक आग लग गई
नई दिल्ली, पाकिस्तान के पेशावर हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान सऊदी अरब के एक यात्री विमान में अचानक आग लग गई।
जिस कारण विमान में बैठे यात्रियों के बीच अफरा तफरी मच गई। जिसके बाद विमान तुरंत रोका गया और सुरक्षा एवं बचाव कर्मियों ने चालक दल के सदस्यों और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना में 10 लोग जख्मी हुए है।
एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि सऊदी एयरलाइन की उड़ान संख्या एसवी-792 रियाद से पेशावर जा रही थी। पेशावर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते वक्त एक टायर में धुंआ निकलते देखा गया। रिपोर्ट के मुताबिक लैंडिंग गियर में कुछ खराबी के चलते ये हादसा हुआ। सभी यात्रियों और चालक दल को निकासी वाले दरवाजे से सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया।
सऊदी एयरलाइंस के विमान में 276 यात्री सवार थे। इसके अलावा 21 क्रू मेंबर थे। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के मुताबिक, लैंड होने के बाद विमान से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद पायलट को इसकी जानकारी दी गई। इसके साथ ही फायर एंड रेस्क्यू सर्विस को भी इन्फॉर्म किया गया।
आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आनन-फानन में इस आग को बुझाया गया।
