टिप्पर की चपेट में आने से स्कूली छात्रा की मौत, दूसरी गंभीर रूप से घायल
नंगल, संदीप गिल, नंगल के समीपवर्ती गांव भलान में टिप्पर की चपेट में आने से एक स्कूली छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि दूसरी छात्रा को गंभीर अवस्था में पीजीआई ले जाया गया है। मृतक स्कूली छात्रा गांव नानग्रां निवासी कंचन चौधरी बताई जा रही है। दोनों छात्राएं अपने निकट संबंधी के साथ बाइक पर स्कूल जा रही थी व पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर की टक्कर लगने से यह घटना घटित हुई है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी देखी गई है। यहां बता दें कि नंगल डैम पर चल रहे फ्लाईओवर के निर्माण के कारण लगते जाम को देखते हुए ट्रैफिक को बाया भलान डायवर्ट किया गया है जिस कारण इस सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है व रोज इस सड़क मार्ग पर कोई न कोई हादसा होना आम बात हो गई है। इसके अलावा यह सड़क भारी वाहन चलने के कारण बड़े-बड़े गड्ढों से भरी हुई है व जगह-जगह से टूट गई है। क्षेत्रवासियों ने इस घटना के उपरांत सड़क पर बड़ी संख्या में एकत्र होकर जाम लगा दिया है व नारेबाजी कर प्रदेश सरकार व प्रशासन के विरुद्ध अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
