पंजाबी गायक सुरेंद्र शिंदा का निधन
लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में ली अंतिम सांस
पंजाब के प्रसिद्ध लोक गायक रहे सुरेंद्र शिंदा का आज निधन हो गया है। पिछले काफी दिनों से वेंटिलेटर पर चल रहे पंजाबी गायक सुरेंद्र शिंदा ने आज लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में अंतिम सांस ली। सुरेंद्र शिंदा का पिछले दिनों एक मामूली ऑपरेशन हुआ था लेकिन इंफेक्शन बढ़ जाने के कारण उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी व उन्हें फिर से अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। पिछले कुछ दिनों से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। सुरेंद्र शिंदा का जन्म 20 मई 1953 को गांव छोटी इयाली में हुआ था। पंजाबी गानों की 165 से अधिक कैसेट रिलीज करने के अलावा सुरेंद्र शिंदा ने अनेकों पंजाबी फिल्मों में भी काम किया था। गायन व अभिनय के क्षेत्र में शिंदा ने 26 स्वर्ण पदक और 25 सौ से अधिक ट्राफी जीती है। उन्हें पंजाब गौरव रतन पुरस्कार, पंजाब सरकार द्वारा शिरोमणी गायक पुरस्कार के अलावा विदेशों में भी विभिन्न पुरस्कारों से नवाजा गया है।
