भाखड़ा डैम की स्थिति जानने पहुंचे भगवंत मान, बोले स्थिति नियंत्रण में
संदीप गिल,सचिन सोनी, नंगल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज भाखड़ा में बढ़ रहे जल स्तर का जायजा लेने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने भाखड़ा डैम का दौरा किया व बीबीएमबी के अधिकारियों से इस बारे बातचीत भी की। भाखड़ा डैम का दौरा करने के उपरांत नंगल के सतलुज सदन में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा कि डैम में पानी की स्थिति नियंत्रण में है व किसी को भी डरने की कोई जरूरत नहीं है। भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के अधिकारियों से फ्लडगेट नहीं खोलने को कह दिया है। भगवंत मान ने कहा कि आगामी चार-पांच दिनों में पंजाब या हिमाचल प्रदेश में बारिश होने का कम ही अनुमान दर्शाया गया है, ऐसे में डैम में अधिक पानी न आने से अतिरिक्त पानी छोड़ने की नौबत नहीं आएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हालांकि फ्लडगेट न खोलने की हिदायत देने की बात तो कर दी है लेकिन भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के अधिकारियों पर इसका कोई असर पड़ सकता है या कहना उचित नहीं है। क्योंकि बीबीएमबी अधिकारी पानी की आवक को या भाखड़ा डैम में पानी के स्तर को देखकर फ्लडगेट खोलने का निर्णय लेते हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया कि उनकी सरकार ने पानी को व्यवस्थित कर लोगों के खेतों तक पहुंचाने का काम किया है जबकि इससे पहले की सरकारें सिंचाई व्यवस्था के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार करने में ही जुटी रहीं हैं। भाखड़ा डैम में आज पानी का स्तर 1653 फिट तक पहुंच गया है जो कि खतरे के निशान1682 से मात्र 29 फीट कम है। आज डैम में पानी की आवक 81804 क्यूसेक है जबकि भाखड़ा डैम से 39 910 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। ऐसे में आने वाले समय में फ्लडगेट खोलने की आवश्यकता पड़ेगी या नहीं यह निर्णय पानी की आवक को देखकर ही भाखड़ा व्यास मैनेजमेंट बोर्ड करेगा।
