बेटी के शिक्षित होने से दो परिवारों का भला : डीसी
जिले का लिंगानुपात सुधरकर पहुंचा 919 पर
झज्जर, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक मोनिका मलिक ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान व बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार सजग है,हमें बच्चियों को मान सम्मान देने के साथ-साथ उनका जन्म दिन भी पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए। निदेशक मोनिका मलिक वीसी के माध्यम से बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान की समीक्षा कर रही थी। उन्होंने लिंगानुपात में सुधार को लेकर झज्जर की प्रशंसा की और निरंतर शत प्रतिशत लिंगानुपात के लिए प्रोत्साहित किया।
वीसी उपरांत डीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान एक राष्ट्रीय अभियान है, आमजन के सहयोग से लिंगानुपात शत प्रतिशत करने के उददेश्य से चलाए जा रहे इस कार्यक्रम के सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। वर्तमान में जिला का लिंगानुपात 919 है,इसे शत प्रतिशत तक पहुंचाना है। यह कार्य तभी संभव होगा,जब सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से टीम भावना से कार्य करेंगे।
डीसी ने कहा कि आज बेटों की तरह ही बेटियां भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं। शिक्षा महिलाओं को समान रूप से मजबूत और आत्मविश्वास पूर्ण बनाने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होने कहा कि बेटियों से जुड़ी समस्याओं और उनके जीवन के दौरान आने वाली विभिन्न कठिनाइयों को दूर करने के साथ ही बालिकाओं के अधिकारों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए गतिविधियों का आयोजन किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज में बेटियों के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ बालिकाओं के प्रति लोगों की मानसिकता में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए है। हमें बेटियों के जन्म के बाद, अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा, अधिकारों और बालिका की अन्य जरूरतों को लेकर उनका विकास करना है।
उन्होंने कहा कि जिला में पीसीपीएनडीटी एक्ट और एमटीपी एक्ट की कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाए,अल्ट्रा साऊंड केंद्रों की निगरानी के साथ ही वहां आसपास लगे सीसीटीवी की भी निरन्तर मॉनीटिरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में लिंगानुपात कम है,ऐसे गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को जागरूक किया जाए। इन कार्यक्रमों में संबंधित गांवों की उन बेटियों को आंमत्रित किया जाए,उन्होंने खेल,शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल की है।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डा ब्रहदीप सिंह,सीडीपीओ प्रियंका सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
