September 1, 2026

ममता बनर्जी की भतीजी ने की खुदकुशी, घर से लटका हुआ शव बरामद

रामपुरहाट, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भतीजी वृष्टि मुखर्जी की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रामपुरहाट के कुसुम्बा गांव स्थित उनके घर की दूसरी मंजिल की बालकनी में उनका शव फंदे से लटका मिला। परिवार ने इसे आत्महत्या बताया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सूचना मिलने के बाद रामपुरहाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पुलिस को शुरुआती जांच में आत्महत्या का संदेह है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

परिवार के मुताबिक, वृष्टि मुखर्जी पिछले करीब चार-पांच वर्षों से अवसाद से परेशान थीं और उनका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि हाल में वह तलाक से जुड़े मामले को लेकर भी मानसिक तनाव में थीं। वृष्टि, ममता बनर्जी के ममेरे भाई निहार मुखर्जी की बेटी थीं। निहार मुखर्जी रामपुरहाट में तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रह चुके हैं। वृष्टि स्थानीय स्कूल में ग्रुप-सी कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थीं।

वृष्टि मुखर्जी का नाम पश्चिम बंगाल के चर्चित स्कूल भर्ती घोटाले की जांच के दौरान सामने आया था। जांच एजेंसियों ने भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान कई उम्मीदवारों के नाम चिन्हित किए थे। इनमें वृष्टि का नाम भी शामिल बताया गया था।

मामले में कानूनी कार्रवाई के बाद उनकी सरकारी नौकरी चली गई थी। इसके बाद से वह कथित तौर पर मानसिक तनाव से गुजर रही थीं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वृष्टि की मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *