August 31, 2026

राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग को 5 दिन में गिरफ्तारी के दिए निर्देश

लुधियाना, लुधियाना से कांग्रेस सांसद और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री स्वर्गीय बूटा सिंह को लेकर चुनावी सभा में कथित तौर पर अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी करने के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग
ने सख्त रुख अपनाया है।

आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना की अध्यक्षता में सोमवार को मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान स्वर्गीय बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह के अलावा तरनतारन के डीएसपी हरप्रीत सिंह और डीएसपी गुलजार सिंह भी मौजूद रहे। सुनवाई के बाद आयोग ने पुलिस को निर्देश दिया कि राजा वड़िंग समेत मामले में नामजद सभी आरोपियों को पांच दिनों के भीतर गिरफ्तार किया जाए और इसकी स्टेटस रिपोर्ट आयोग के समक्ष पेश की जाए।

यह मामला नवंबर 2025 में आयोजित एक चुनावी सभा से जुड़ा है। आरोप है कि सभा के दौरान राजा वड़िंग ने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह के रंग और उनके पुराने पेशे को लेकर टिप्पणी की थी। वायरल हुए बयान में वड़िंग कथित तौर पर पंजाबी में कहते सुनाई दिए थे कि बूटा सिंह का रंग काला था और वह चारा डालने का काम करते थे, इसके बाद कांग्रेस द्वारा उन्हें देश का गृह मंत्री बनाए जाने की बात कही। इस बयान को लेकर बूटा सिंह के परिवार और अनुसूचित जाति से जुड़े लोगों ने आपत्ति जताई थी। मामले में शिकायत के बाद राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने सुनवाई शुरू की।

सोमवार की सुनवाई में आयोग ने पुलिस को कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। आयोग ने राजा वड़िंग समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर पांच दिनों के भीतर स्टेटस रिपोर्ट सौंपने को कहा है। मामले की कार्रवाई पर अब पंजाब पुलिस की अगली भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

आयोग के इस निर्देश के बाद राजा वड़िंग के पास कानूनी रास्ता अपनाने का विकल्प मौजूद है। वह आयोग के आदेश को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दे सकते हैं। जरूरत पड़ने पर मामला आगे सुप्रीम कोर्ट तक भी जा सकता है। फिलहाल इस मामले में आयोग के निर्देश के बाद पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *