August 17, 2026

पंजाब चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी की नई टीम का ऐलान

नई टीम में पंजाब से तीन प्रमुख नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई

नई दिल्ली,भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन में पंजाब को खास तवज्जो मिली है। नई टीम में पंजाब से तीन प्रमुख नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।

पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं चंडीगढ़ से जुड़े वरिष्ठ नेता सौदान सिंह को राष्ट्रीय सहमहामंत्री और अमृतसर के तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम में मनप्रीत बादल एकमात्र सिख चेहरे के तौर पर शामिल हैं।

मनप्रीत सिंह बादल पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री रह चुके हैं और पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत शिरोमणि अकाली दल से की थी। बाद में उन्होंने अकाली दल से अलग होकर पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब का गठन किया। इसके बाद वर्ष 2016 में उन्होंने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया। 2017 में पंजाब में कांग्रेस सरकार बनने के बाद मनप्रीत बादल को वित्त मंत्री बनाया गया। कांग्रेस से अलग होने के बाद 18 जनवरी 2023 को उन्होंने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

अमृतसर से ताल्लुक रखने वाले तरुण चुघ वर्तमान में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। उन्हें जून 2026 में राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया था और 29 जून को उन्होंने सांसद के रूप में शपथ ली।

चुघ ने सक्रिय राजनीति में आने से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर संगठनात्मक कार्य किया। बाद में वह भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े और यहीं से भाजपा संगठन में उनकी भूमिका मजबूत हुई। उन्होंने पंजाब भाजपा में प्रदेश सचिव समेत विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभालीं। राष्ट्रीय स्तर पर भी उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व मिले। वह भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रहे और वर्ष 2020 में राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए। इसके अलावा पार्टी ने उन्हें विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रभारी भी बनाया। अब उन्हें राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, जिसे पार्टी के केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण पद माना जाता है।

सौदान सिंह लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं और भाजपा संगठन में भी दो दशक से अधिक समय से महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते आए हैं। संगठनात्मक मामलों में उनका व्यापक अनुभव पार्टी के लिए अहम माना जाता है। सौदान सिंह के पास पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ से जुड़े भाजपा संगठनात्मक कामकाज की जिम्मेदारी रही है। चंडीगढ़ को उनके संगठनात्मक कामकाज का प्रमुख केंद्र माना जाता है।

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में पंजाब से तीन नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलना आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मनप्रीत बादल के जरिए पार्टी को सिख चेहरे के साथ पंजाब की सियासत में अपनी पहुंच मजबूत करने का अवसर मिलेगा, जबकि तरुण चुघ और सौदान सिंह का संगठनात्मक अनुभव पार्टी की चुनावी तैयारियों में अहम भूमिका निभा सकता है। नई नियुक्तियों के जरिए भाजपा ने पंजाब में राजनीतिक और संगठनात्मक दोनों स्तरों पर अपनी सक्रियता बढ़ाने का संकेत दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *