August 17, 2026

गूगल क्रोम यूजर्स तुरंत करें ये काम, वरना हैक हो जाएगा कंप्यूटर

नई दिल्ली ,आज के डिजिटल युग में इंटरनेट ब्राउजिंग के लिए गूगल क्रोम दुनिया भर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला ब्राउजर है, लेकिन अगर आप भी अपने लैपटॉप या कंप्यूटर पर इसका इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। भारत सरकार की साइबर सिक्योरिटी एजेंसी (सीईआरटी-इन) ने क्रोम चलाने वाले करोड़ों डेस्कटॉप यूजर्स के लिए एक बेहद गंभीर और ‘हाई-सीवेरिटी’ चेतावनी जारी की है। आपकी एक छोटी सी लापरवाही से न केवल आपका पूरा कंप्यूटर हैकर्स के कंट्रोल में जा सकता है, बल्कि आपकी बेहद निजी जानकारी, पासवर्ड और बैंक खाते की संवेदनशील डिटेल भी साइबर अपराधियों के हाथ लग सकती है।

भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (सीईआरटी-इन) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, डेस्कटॉप गूगल क्रोम के कई वर्जन के अंदर सुरक्षा से जुड़ी भारी खामियां पाई गई हैं। इन कमजोरियों का फायदा उठाकर हैकर्स बिना आपकी इजाजत के आपके सिस्टम में दूर बैठे ही घुसपैठ कर सकते हैं। साइबर क्रिमिनल आपके कंप्यूटर में मनमाना कोड चला सकते हैं या डिनायल-ऑफ-सर्विस (डीओएस) जैसी स्थिति पैदा कर सकते हैं जिससे आपका सिस्टम पूरी तरह ठप हो सकता है। जानकारी के अनुसार, ये गंभीर खामियां क्रोम के वी8, टैबस्ट्रिप, एचटीएमएल, एक्सटेंशन और ब्लिंक जैसे हिस्सों में मौजूद ‘यूज-आफ्टर-फ्री’ कमजोरियों से जुड़ी हुई हैं। हमलावर आपको किसी फर्जी वेबपेज या लिंक पर क्लिक करने के लिए उकसाकर आसानी से अपना शिकार बना सकते हैं।

सरकार की यह चेतावनी विशेष रूप से उन यूजर्स के लिए है जो विंडोज, मैकओएस (macOS) और लिनक्स (Linux) ऑपरेटिंग सिस्टम पर गूगल क्रोम का इस्तेमाल कर रहे हैं। विंडोज और मैकओएस पर क्रोम के 151.0.7922.137 और 151.0.7922.138 से पुराने वर्जन बुरी तरह प्रभावित हैं। वहीं, लिनक्स ऑपरेटिंग सिस्टम पर 151.0.7922.137 से पुराने क्रोम वर्जन खतरे की जद में हैं। अगर आप इन पुराने वर्जन का इस्तेमाल कर रहे हैं और किसी दुर्भावनापूर्ण लिंक पर क्लिक कर देते हैं, तो हैकर्स पलक झपकते ही आपके सिस्टम की पूरी मेमोरी करप्ट कर सकते हैं या आपकी बैंकिंग डिटेल चुरा सकते हैं।

साइबर खतरे की इस गंभीरता को देखते हुए सीईआरटी-इन ने सभी यूजर्स और सरकारी व गैर-सरकारी संगठनों को सख्त सलाह दी है कि वे तुरंत अपने पुराने क्रोम वर्जन को अपडेट करें। खतरे से निपटने के लिए गूगल ने भी सुरक्षा अपडेट और पैच जारी कर दिए हैं। अपने क्रोम को अपडेट करने के लिए सबसे पहले कंप्यूटर पर ब्राउजर खोलें। इसके बाद स्क्रीन पर सबसे ऊपर दाईं तरफ दिख रहे तीन डॉट (मेनू) पर क्लिक करें। यहां ‘हेल्प’ (Help) सेक्शन में जाकर ‘अबाउट गूगल क्रोम’ (About Google Chrome) पर क्लिक करें। ऐसा करते ही क्रोम खुद-ब-खुद नए अपडेट की जांच करेगा और उसे डाउनलोड करना शुरू कर देगा। डाउनलोड प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्क्रीन पर आ रहे ‘री-लॉन्च’ (Relaunch) बटन पर क्लिक करें। इसके बाद आपका ब्राउजर पूरी तरह से सुरक्षित और नए अपडेट के साथ काम करने लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *