सुखबीर बादल अस्पताल से डिस्चार्ज, हरसिमरत ने एनआईए से जांच की मांग की
चंडीगढ़, शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उन्हें महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारे में 13 अगस्त को हुए हमले के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हमले में उनके हाथ में चोट आई थी और उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई। इसी बीच शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर नांदेड़ में हुए हमले समेत सुखबीर बादल पर हुए दोनों हमलों की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने 13 अगस्त 2026 और 4 दिसंबर 2024 की घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध और बड़ी साजिश की आशंका की जांच की मांग की है।
सुखबीर सिंह बादल पर 13 अगस्त को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारे में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कृपाण से हमला किया था। सुरक्षा कर्मियों ने हमलावर को तुरंत काबू कर लिया था। हमले को रोकने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ था। मामले की जांच फिलहाल जारी है।
हरसिमरत कौर ने अपने पत्र में कहा कि पंजाब सीमावर्ती राज्य है और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र रहा है। उन्होंने मांग की कि यदि किसी उग्रवादी, अंतरराज्यीय या विदेशी नेटवर्क की भूमिका सामने आती है तो उसकी भी जांच की जाए।
उन्होंने पंजाब पुलिस और राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले को केवल कानून-व्यवस्था का विषय मानकर नहीं छोड़ा जाना चाहिए। उनके मुताबिक स्वतंत्र केंद्रीय जांच से घटना की पूरी कड़ी, संभावित सहयोगियों और किसी बड़ी साजिश की भूमिका का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
हरसिमरत ने यह भी कहा कि जांच के दौरान किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान या झूठा नहीं फंसाया जाना चाहिए और वास्तविक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
