August 9, 2026

टोरंटो में भारतीय मूल की हिमांशी खुराना की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

करीब सात महीने बाद आरोपी गिरफ्तार

टोरंटो : कनाडा के टोरंटो में भारतीय मूल की 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब सात महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी के रूप में हुई है। पुलिस लंबे समय से हिमांशी की हत्या के मामले में उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस के मुताबिक, हिमांशी खुराना और अब्दुल गफूरी के बीच अंतरंग संबंध थे। हिमांशी स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके से लापता हुई थीं। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। 20 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 6:30 बजे वह एक घर के अंदर मृत मिली थीं।

हिमांशी की मौत के बाद टोरंटो पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी अब्दुल गफूरी की तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक किए थे। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों से भी संपर्क किया।

टोरंटो पुलिस सर्विस के अनुसार, फ्यूजिटिव स्क्वाड और होमिसाइड एंड मिसिंग पर्सन्स यूनिट के अधिकारियों ने आरोपी को कनाडा वापस लाने के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुलिसिंग साझेदारों के साथ समन्वय किया।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को टोरंटो के 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी को ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है।

हिमांशी खुराना की हत्या के बाद टोरंटो स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने भी घटना पर गहरा दुख जताया था। कॉन्सुलेट ने कहा था कि एक युवा भारतीय नागरिक की हत्या से वह बेहद दुखी और स्तब्ध है तथा इस मुश्किल घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है।

कॉन्सुलेट ने यह भी कहा था कि वह मामले पर लगातार नजर रख रहा है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब कनाडा में भारतीय मूल की महिलाओं की हत्या के कई मामले चर्चा में रहे हैं।

पिछले महीने टोरंटो में ही 26 वर्षीय भारतीय मूल की महिला नवनीत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भारतीय मूल के 37 वर्षीय शरणजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था। ओंटारियो प्रोविंशियल पुलिस के मुताबिक, महिला और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद महिला को गोली मार दी गई। आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं, अल्बर्टा प्रांत की राजधानी एडमोंटन में भी भारतीय मूल की 23 वर्षीय महिला दमनप्रीत कौर की उसके साथी की ओर से हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। इस मामले में रितेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था और उस पर सेकंड-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया। उस पर दमनप्रीत कौर का गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *