जिले में नीट यूजी परीक्षा पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न
जिले में रविवार को नीट यूजी परीक्षा पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए उपायुक्त महेंद्र पाल ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष रही। उन्होंने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए की गई व्यवस्थाओंजैसे पेयजल, छाया, बैठने की सुविधा आदि का भी जायजा लिया और इन व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक सुगमता से पहुंचाने के लिए बसों सहित परिवहन की विशेष व्यवस्था की गई थी। जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में कुल 6,768 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6195 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 573 अनुपस्थित रहे। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। प्रत्येक केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई थी।
