June 7, 2026

लघु सचिवालय व कोर्ट कॉम्प्लेक्स की पेयजल आपूर्ति लाइन से हटाए गए 53 अवैध कनेक्शन

  • अवैध पेयजल कनेक्शनों के खिलाफ जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की त्वरित कार्रवाई
  • दोषियों की पहचान कर विभाग करेगा आवश्यक कार्रवाई

नूंह, – उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देशानुसार जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जिले में पेयजल आपूर्ति लाइनों से अवैध कनेक्शनों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम मेवात रेडियो स्टेशन से सर्किट हाउस, लघु सचिवालय, कोर्ट कॉम्प्लेक्स तथा डीसी कॉलोनी तक जाने वाली मुख्य पेयजल पाइपलाइन की जांच की गई, जिसमें कुल 53 अवैध कनेक्शन पाए गए।
जांच के दौरान पलवल टी-प्वाइंट स्थित पुलिया के नीचे एक ही स्थान पर 23 अवैध कनेक्शन मिले। विभागीय टीम ने मौके पर ही सभी अवैध कनेक्शनों को हटाकर मुख्य लाइन को मुक्त कराया, जिससे लघु सचिवालय एवं कोर्ट कॉम्प्लेक्स में पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जा सके। इन कार्यालयों में प्रतिदिन हजारों नागरिक विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं और जलापूर्ति बाधित होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता था।

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता अमित कुमार संडिला ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर जिले के सभी एसडीओ एवं जेई को अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल लाइनों की नियमित जांच कर अवैध कनेक्शन हटाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध कनेक्शनों के कारण न केवल जलापूर्ति प्रभावित होती है बल्कि प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल भी व्यर्थ नष्ट होता है।
उन्होंने आमजन से जल संरक्षण में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पेयजल का उपयोग केवल घरेलू आवश्यकताओं के लिए किया जाए। कई स्थानों पर अवैध कनेक्शन लेकर पेयजल का उपयोग खेतों की सिंचाई अथवा अन्य गैर-जरूरी कार्यों में किए जाने के मामले सामने आते हैं, जिससे अंतिम छोर तक स्थित उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपने कनेक्शनों पर टैप लगवाने तथा आवश्यकता न होने पर पानी बंद रखने का आग्रह किया।

एसडीई अजय कांगड़ा के नेतृत्व में गठित की गई विशेष टीम

कार्यकारी अभियंता ने बताया कि उपमंडल अभियंता अजय कांगड़ा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर अवैध पेयजल कनेक्शनों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन तथा पुलिस प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई करते हुए रेडियो मेवात से लघु सचिवालय व कोर्ट कॉम्प्लेक्स तक जाने वाली मुख्य पाइपलाइन से एक ही दिन में 53 अवैध कनेक्शन काटे।
उन्होंने बताया कि इन अवैध कनेक्शनों के कारण लघु सचिवालय व कोर्ट कॉम्प्लेक्स में लंबे समय से जलापूर्ति प्रभावित हो रही थी। अवैध कनेक्शन धारकों की पहचान कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
जिला सलाहकार नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि जिले में अवैध पेयजल कनेक्शनों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से जल संरक्षण एवं बेहतर जलापूर्ति व्यवस्था बनाए रखने में विभाग का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं को पेयजल संबंधी समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वे जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-180-5678 तथा व्हाट्सएप नंबर 90417-41800 पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
इस अभियान के दौरान कनिष्ठ अभियंता शकील अहमद, इसराइल फिटर, ताजदीन तथा मोहम्मद अजहरूदीन ने अवैध कनेक्शनों की पहचान एवं उन्हें हटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *