June 7, 2026

मालवीय नगर अग्निकांड मामले में पुलिस ने होटल कुक को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, मालवीय नगर स्थित फ्लॉरिस होटल में हुए भीषण अग्निकांड की जांच में दिल्ली पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में होटल के कुक केशव नेगी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में किचन में आग लगने की घटना के दौरान कथित लापरवाही के संकेत मिले हैं। आरोप है कि आग की लपटें उठने के बाद केशव नेगी ने अन्य लोगों की मदद करने के बजाय वहां से निकलने की कोशिश की। इसी आधार पर पुलिस ने उसे आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया है। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी तकनीकी व फॉरेंसिक पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

प्रारंभिक जांच में होटल के किचन संचालन और सुरक्षा मानकों के पालन में गंभीर खामियों के संकेत भी मिले हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के समय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं।

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गुरुवार को गिरफ्तार किया था। राजधानी के विभिन्न इलाकों में छापेमारी के बाद उसे पकड़ा गया और अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि होटल में अग्नि सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया जा रहा था और क्या निर्धारित क्षमता से अधिक कमरे संचालित किए जा रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि होटल को केवल छह कमरों के संचालन की अनुमति थी, जबकि वहां कथित रूप से 22 कमरे चलाए जा रहे थे।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लवकेश बजाज का नाम पहले भी एक आपराधिक मामले में सामने आ चुका है। जनवरी 2025 में उसे कथित फर्जी पासपोर्ट और दस्तावेज तैयार कराने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोप था कि वह बांग्लादेशी नागरिकों को फर्जी भारतीय दस्तावेज और पासपोर्ट उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। उस मामले में वह करीब 15 दिन तिहाड़ जेल में रहा था और बाद में जमानत पर रिहा हो गया था। मामला फिलहाल अदालत में लंबित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *