कॉकरोच जनता पार्टी उतरेगी सड़कों पर, 6 जून को भारत लौट रहे अभिजीत दीपके
जानें क्या है पूरा प्लान
नई दिल्ली, देश में नीट परीक्षा को लेकर मचे सियासी घमासान और छात्रों के आक्रोश के बीच अब सोशल मीडिया की जंग सीधे देश की राजधानी दिल्ली की सड़कों पर उतरने की तैयारी में है। सुप्रीम कोर्ट की एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर आंधी की तरह उभरी कॉकरोच जनता पार्टी अब दिल्ली में एक बड़े और व्यापक आंदोलन का बिगुल फूंकने जा रही है। इस आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए इसके संस्थापक और चर्चित सोशल मीडिया एक्टिविस्ट अभिजीत दीपके आगामी 6 जून को अमेरिका से भारत लौट रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपने फॉलोअर्स से सीधे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की है, जिसके बाद से ही खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इस वक्त सबसे बड़ा सवाल यही तैर रहा है कि आखिर अभिजीत दीपके के अचानक भारत आने और इस कथित आंदोलन के पीछे का मुख्य एजेंडा क्या है? इसका खुलासा खुद अभिजीत ने अपने वीडियो में किया है। दरअसल, वह देश में हाल ही में हुई राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं (नीट-यूजी) में सामने आईं कथित गड़बड़ियों, धांधलियों और पेपर लीक के विरोध में छात्रों की आवाज बुलंद करने भारत आ रहे हैं। इस आंदोलन का सबसे प्रमुख मुद्दा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करना है। कॉकरोच जनता पार्टी का प्लान सड़कों पर उतरकर पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन शुरू करना है।
अभिजीत दीपके फिलहाल अमेरिका में रह रहे हैं, लेकिन वहां से भी वे भारतीय छात्रों के मुद्दों पर लगातार मुखर हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो संदेश जारी कर देश के युवाओं, छात्रों और अपने समर्थकों से दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया है। वीडियो में उन्होंने कहा, अब समय आ गया है कि हम सभी भारत के संविधान के मार्ग पर चलते हुए एकजुट हों और शांतिपूर्वक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करें। अगर देश का युवा और हम सब मिलकर एक सुर में आवाज उठाएंगे, तो सरकार को हमारी बात हर हाल में सुननी ही पड़ेगी। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपने आगे के पूरे प्लान का रोडमैप साझा करते हुए दीपके ने बताया कि उन्होंने शनिवार, 6 जून की सुबह दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचने का फैसला किया है। उन्होंने अपने फॉलोअर्स से अपील की है कि वे सुबह ही एयरपोर्ट पर उनसे मिलें। वहां से उनके समर्थक एकजुट होकर सीधे संसद मार्ग थाना जाएंगे और जंतर-मंतर पर एक बड़े, शांतिपूर्ण प्रदर्शन को आयोजित करने की आधिकारिक अनुमति (परमीशन) मांगेंगे। वीडियो में दीपके ने आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी लगातार हो रहे विवादों और सरकारी ढुलमुल रवैये ने देश के करोड़ों छात्रों को मानसिक रूप से चिंतित और परेशान कर दिया है, इसलिए अब सरकार को जवाबदेही तय करनी ही होगी।
