September 21, 2026

उपायुक्त अखिल पिलानी ने किया बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण

  • परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा व अन्य सुविधाओं का लिया जायजा

नूंह,
उपायुक्त अखिल पिलानी ने सोमवार को जिला के गांव नीमका एवं बिछौर से गुजर रहे बृज 84 कोस परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच की तथा श्रद्धालुओं से बातचीत कर सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध होती रहें। इसी उद्देश्य से उन्होंने आज परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मार्ग पर लगाए गए पानी के टैंकरों की जांच की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि टैंकर खाली होते ही तुरंत दोबारा भरवाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पेयजल की कमी का सामना न करना पड़े। उपायुक्त ने बताया कि जिला नूंह क्षेत्र में आने वाले परिक्रमा मार्ग पर लगभग 15 स्थानों पर पेयजल के लिए टैंकर लगाए गए हैं तथा आवश्यकता अनुसार उन्हें लगातार भरवाया जा रहा है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि प्रशासन द्वारा थोड़ी-थोड़ी दूरी पर पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
उपायुक्त ने कहा कि उन्होंने पेयजल, बिजली, सफाई व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की मौके पर जाकर समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिक्रमा समाप्त होने तक सभी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारू रूप से संचालित की जाएं।
उन्होंने कहा कि परिक्रमा में आने वाले श्रद्धालुओं का जिले में पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ स्वागत किया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं ग्रामीण भी व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। जिला प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोग भी श्रद्धालुओं के स्वागत-सत्कार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं, जो सराहनीय है।
उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए नियमित रूप से पानी पीते रहें तथा अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात की गई हैं। स्कूलों, मंदिरों एवं प्रमुख पड़ाव स्थलों पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि मोबाइल स्वास्थ्य टीमों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।
उन्होंने बताया कि परिक्रमा मार्ग के आसपास दो एंबुलेंस 24 घंटे तैनात की गई हैं। गांव बिछौर स्थित मंदिर एवं गांव नीमका में चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को निशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा गांव बिछौर में बनाए गए विश्राम स्थल पर शौचालय, साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्थाएं निरंतर सुनिश्चित की जा रही हैं।
इस अवसर पर एसीयूटी अमितेज पांगती, सिविल सर्जन डॉ ज्योतना, उप सिविल सर्जन डॉ विशाल सिंगला, कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य विभाग रोहित, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कपिल सहित गांव के सरपंच व अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *