May 10, 2026

सीएम बनते ही एक्शन में विजय चंद्रशेखर, लिए कई बड़े फैसले

महिलाओं की सुरक्षा और 200 यूनिट फ्री बिजली…

चेन्नई, तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री जोसेफ विजय चंद्रशेखर ने पदभार संभालते ही जनता से किए गए चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में बड़े फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने सबसे पहले घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने वाली फाइल पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विशेष सुरक्षा बल के गठन को भी मंजूरी दी गई।

मुख्यमंत्री विजय ने अपने पहले संबोधन में कहा कि वह किसी राजनीतिक या शाही परिवार से नहीं आते, लेकिन तमिलनाडु की जनता ने उन्हें अपनाकर मुख्यमंत्री बनने का अवसर दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि सरकार को काम करके दिखाने के लिए थोड़ा समय दिया जाए।

विजय ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता के साथ काम करेगी और राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर जल्द ही एक श्वेत पत्र जारी करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली डीएमके सरकार तमिलनाडु पर 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज छोड़कर गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार झूठे वादों की राजनीति नहीं करेगी और जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार में सत्ता का कोई दूसरा केंद्र नहीं होगा और फैसले पूरी जिम्मेदारी के साथ लिए जाएंगे।

अपने संबोधन में विजय भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि वह एक साधारण सहायक निर्देशक के बेटे हैं और कभी सिनेमा में काम करने का सपना देखा करते थे, लेकिन जनता के समर्थन ने उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री बना दिया।

विजय ने कांग्रेस, वीसीके और वामपंथी दलों का सरकार गठन में समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में अब धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और पारदर्शी शासन के नए दौर की शुरुआत हो रही है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि जनता के पैसे का एक-एक रुपया ईमानदारी से खर्च किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सरकार में शामिल होने का प्रस्ताव भी दिया, जिस पर कांग्रेस ने विचार करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *