May 8, 2026

मल्लिकार्जुन खड़गे से मिले कांग्रेस सांसद शशि थरूर

केरल की राजनीतिक स्थिति पर की चर्चा

नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम । कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर केरल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी से जुड़े हालिया घटनाक्रमों पर चर्चा की। थरूर ने इस मुलाकात को लेकर कहा कि अनुभवी और स्पष्ट विचारों वाले वरिष्ठ नेता से विचार साझा करना हमेशा उपयोगी रहता है। शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने खड़गे से मुलाकात कर राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने पोस्ट में लिखा- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलकर मैंने उन्हें केरल के हालात के बारे में अपनी राय बताई और हमारी पार्टी से जुड़े हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा की। इस मजबूत, बेबाक और अनुभवी दिग्गज नेता के साथ अपने विचार साझा करना हमेशा अच्छा लगता है। इसके अलावा, तिरुवनंतपुरम में शशि थरूर ने स्थानीय नेताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से विजयी विधायक सी.पी. जॉन को उनकी जीत पर बधाई दी। थरूर ने एक अन्य पोस्ट में विधायक सी.पी. जॉन के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- तिरुवनंतपुरम सेंट्रल से जीतने वाले विधायक सीपी जॉन को उनकी शानदार जीत पर व्यक्तिगत रूप से बधाई देना बहुत अच्छा लगा। पिछली बार चुनावों में हमें निराशा हाथ लगी थी, लेकिन इस बार जीत मिली है।
उन्होंने नवनिर्वाचित विधायकों एन. शक्तन और वी.टी. बलराम से भी मुलाकात की और उन्हें उनकी जीत पर शुभकामनाएं दीं। थरूर ने लिखा- तिरुवनंतपुरम में विजयी विधायकों एन. शक्तन और वी.टी. बलराम से मिलकर उन्हें उनकी जीत पर बधाई देना बहुत अच्छा लगा। केरल को एकजुट होकर आगे ले जाने के लिए अनुभव और युवा शक्ति का मेल जरूरी है।
इसके अलावा, थरूर ने वलियाथुरा में आयोजित पांच-ए-साइड फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन सत्र में भी हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *