May 5, 2026

कप्तान होने के नाते, मैं असम की हार कि जिम्मेदारी लेता हूं: गौरव गोगोई

गुवाहाटी, असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने चुनावी हार के बाद जिम्मेदारी लेते हुए कहा- कप्तान होने के नाते, मैं इस हार की जिम्मेदारी लेता हूं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी को उम्मीद के मुताबिक सीटें नहीं मिलीं, लेकिन कांग्रेस राज्य के विकास के मुद्दों पर सक्रिय बनी रहेगी। गौरव गोगोई ने कहा- मैं मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, जितेंद्र सिंह और अन्य कांग्रेस नेताओं का शुक्रिया अदा करता हूं। हमें उम्मीद के मुताबिक सीटें नहीं मिलीं। लेकिन हम विधानसभा के अंदर और बाहर असम के विकास के लिए अपने सुझाव देंगे। हम हमेशा असम के आम लोगों के साथ खड़े रहेंगे। असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा- हम लोगों का बहुमत मानते हैं। हम उन लोगों का शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने हमें वोट दिया और हमारा सपोर्ट किया। कांग्रेस उन लोगों तक पहुंचेगी जिन्होंने हमें वोट नहीं दिया। हम जमीनी स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा करते हैं जो मुश्किलों का सामना करने के बाद भी हमारे साथ खड़े हैं। हमने एक नई कांग्रेस देखी है।

इससे पहले, चुनाव परिणाम आने के दिन, यानी सोमवार को भी हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर पोस्ट कर एनडीए की जीत पर खुशी जाहिर की थी। उन्होंने लिखा था कि असम की जनता के आशीर्वाद से एनडीए के 102 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है, जिसमें भाजपा ने 82 सीटें, एजीपी ने 10 सीटें और बीपीएफ ने 10 सीटें हासिल की हैं। उन्होंने सभी विजेता उम्मीदवारों को बधाई दी और कहा कि अब हम सब टीम असम के रूप में मिलकर राज्य के विकास के लिए काम करेंगे और विकसित असम के लक्ष्य को पूरा करेंगे। इस जीत को भाजपा और एनडीए के लिए असम में बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *