45 हजार टन एलपीजी लेकर भारत की ओर बढ़ा सुपर टैंकर
गैस-पेट्रोल की किल्लत से मिलेगी राहत
नई दिल्ली, ईरान तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से देश में एलपीजी गैस की भारी किल्लत महसूस की जा रही है, जिससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ा है। इस संकट के बीच आसमान छूती महंगाई ने लोगों को खौफ में डाल दिया था, लेकिन अब समंदर के रास्ते एक ऐसी खबर सामने आई है, जो करोड़ों भारतीयों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। ब्लूमबर्ग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, गैस संकट को दूर करने के लिए एक विशालकाय भारतीय सुपरटैंकर राहत लेकर देश की तरफ बढ़ रहा है।
लगातार गहराते गैस संकट के बीच सर्व शक्ति नाम का भारतीय सुपर टैंकर समुद्री रास्ते से उत्तर की ओर बढ़ता हुआ देखा गया है। रिपोर्ट के अनुसार, यह विशाल जहाज कम से कम 45,000 टन एलपीजी गैस से लदा हुआ है और शनिवार को इसे लारक तथा केसम आइलैंड के करीब ट्रैक किया गया। शिप ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, ओमान की खाड़ी से होते हुए इस टैंकर के भारत पहुंचने की पूरी संभावना है। हालांकि, अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सुपर टैंकर ने होर्मुज के मुश्किल और ब्लॉक किए गए रास्ते को पूरी तरह पार कर लिया है या नहीं, लेकिन इसके भारत की ओर बढ़ने से एक बड़ी राहत की उम्मीद जाग गई है।
