April 28, 2026

तुर्की से भारत लाया गया दाऊद का सबसे खास गुर्गा

5000 करोड़ के ड्रग सिंडिकेट वाले सलीम डोला के बुरे दिन शुरू

नई दिल्ली, अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के बेहद करीबी और कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला के बुरे दिन आखिरकार शुरू हो गए हैं। भारतीय खुफिया एजेंसियों ने एक बड़े और बेहद गोपनीय ऑपरेशन को अंजाम देते हुए डोला को तुर्की से भारत डिपोर्ट करवा लिया है। आज सुबह एक विशेष विमान के जरिए इस खूंखार माफिया को दिल्ली के टेक्निकल एयरपोर्ट पर लाया गया। बता दें कि हाल ही में तुर्की के इस्तांबुल में सुरक्षा एजेंसियों ने उसे दबोचा था, जिसके बाद से ही उसे भारत लाने की तैयारियां तेज हो गई थीं।

सलीम डोला कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं है, बल्कि वह दुबई और तुर्की जैसे देशों में बैठकर भारतीय युवाओं की रगों में जहर (ड्रग्स) घोलने का एक बहुत बड़ा सिंडिकेट चला रहा था। वह लंबे समय से भारत से फरार था और विदेशों में छिपकर अपना काला धंधा बढ़ा रहा था। भारतीय खुफिया एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर इस मौत के सौदागर को पकड़ने के लिए एक बड़ा जाल बिछाया था, जो अंततः सफल रहा। फिलहाल, खुफिया एजेंसियां दिल्ली में डोला से कड़ी पूछताछ कर रही हैं, जिसके बाद इस माफिया को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस या नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हवाले कर दिया जाएगा।

इस कुख्यात ड्रग माफिया के तार सीधे तौर पर दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी और उसके खौफनाक नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। वह भारत में ड्रग्स सप्लाई का एक अहम चैनल संभालता था। ग्लोबल सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क की दुनिया में सलीम डोला का नाम बहुत बड़ा माना जाता है। जांच एजेंसियों की मानें तो दाऊद के इशारों पर काम करने वाला यह तस्कर सालाना 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के ड्रग्स का काला कारोबार कर रहा था, जो अब पूरी तरह से भारतीय एजेंसियों के निशाने पर आ गया है।

भारत के कई अलग-अलग हिस्सों में डोला की अवैध ड्रग फैक्ट्रियां और लैब पहले ही पकड़ी जा चुकी हैं, जिससे उसके खौफनाक मंसूबों का पर्दाफाश हुआ था। इस अंतरराष्ट्रीय तस्कर के खिलाफ न केवल इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था, बल्कि एनसीबी ने उस पर 1 लाख रुपये का नकद इनाम भी घोषित कर रखा था। शुरुआती दौर में सलीम डोला मुंबई से अपना पूरा नेटवर्क ऑपरेट करता था, लेकिन पुलिस की दबिश बढ़ने के बाद वह दुबई भाग गया था और वहीं से अपने गुर्गों के जरिए धंधा चला रहा था।

भारतीय एजेंसियां पिछले साल से ही डोला के सिंडिकेट को तबाह करने में जुटी हैं और उसके करीबियों पर लगातार हथौड़ा चला रही हैं। इसी कड़ी में अक्टूबर 2025 में डोला के बेहद करीबी मोहम्मद सलीम सोहेल शेख को दुबई से दबोच कर भारत लाया गया था। एजेंसियों का एक्शन यहीं नहीं रुका, बल्कि इसके तुरंत बाद नवंबर 2025 में डोला के बेटे ताहिर डोला समेत उसके परिवार के चार सदस्यों को भी दुबई से लाकर गिरफ्तार कर लिया गया था। अब खुद सलीम डोला के शिकंजे में आने से दाऊद के ड्रग्स नेटवर्क की कमर पूरी तरह से टूट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *