April 25, 2026

राज्य की मंडियों में 76 लाख टन गेहूं की खरीद: कटारूचक्क

बोले, किसानों को 13,751 करोड़ रुपये का भुगतान

सुल्तानपुर लोधी, पंजाब के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, वन और वन्यजीव मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने शुक्रवार को सुल्तानपुर लोधी अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं के खरीद प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों द्वारा मंडियों में लाई गई फसल का एक-एक दाना उठाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कटारूचक्क ने कहा कि किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी और फसल का भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस सीजन में राज्य का लक्ष्य 122 लाख टन गेहूं की खरीद करना है। अब तक पंजाब भर में लगभग 80 लाख टन गेहूं की आवक हुई है। इसमें से करीब 76 लाख टन की खरीद विभिन्न एजेंसियों द्वारा 2585 रुपये प्रति क्विंटल (एमएसपी) पर की जा चुकी है। किसानों के बैंक खातों में अब तक 13,751 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि कपूरथला जिले की मंडियों में 3,11,155 टन आवक का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 2,51,758.35 टन गेहूं की आवक हुई है, जिसमें से 2,43,139 टन की खरीद कर किसानों को 583.7 करोड़ रुपये का सीधा भुगतान किया जा चुका है। मंडियों में लिफ्टिंग (उठान) का काम भी सुचारू रूप से चल रहा है और अब तक 80,265.45 टन गेहूं का उठान हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *