April 25, 2026

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, 3 लोगों की मौत

नगा और कुकी के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग

उखरुल, मणिपुर में शांति की उम्मीदों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। मैतेई और कुकी समुदायों के बीच चल रहे जातीय संघर्ष से झुलस रहे राज्य में अब हिंसा का एक नया मोर्चा खुल गया है। उखरुल जिले में शुक्रवार को नगा और कुकी समुदायों के बीच भड़की भीषण हिंसा में कम से कम तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दो अलग-अलग जगहों पर हुई इस अंधाधुंध गोलीबारी ने पूरे जिले के शांतिपूर्ण माहौल को तबाह कर दिया है, जिससे राज्य में तनाव और खौफ का माहौल और भी गहरा गया है।

पुलिस के मुताबिक, खूनी खेल की शुरुआत शुक्रवार तड़के उखरुल जिले के सीनाकेइथेई गांव के पास हुई, जहां तांगखुल नगा और कुकी समुदाय के हथियारबंद गुटों के बीच भारी गोलीबारी हुई। इस हिंसक झड़प में कामजोंग जिले के चाट्रिक खुलेन गांव के रहने वाले 29 वर्षीय तांगखुल युवक होरशोकमी जमांग की मौत हो गई। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि फायरिंग की इस घटना में तीन आम नागरिक भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नगा संगठन तांगखुल नगा लॉन्ग ने दावा किया है कि सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशन के तहत आने वाले कुकी उग्रवादियों ने गश्त कर रहे नगा विलेज गार्ड्स पर घात लगाकर यह जानलेवा हमला किया है।

पहली घटना की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि पास के कुकी बहुल मुल्लम गांव में एक और खूनी झड़प हो गई। इस दूसरी गोलीबारी में कांगपोकपी जिले के रहने वाले दो लोगों की जान चली गई, जिनकी पहचान लेतलाल सितल्हो (जेम्स कुकी) और पाओमिनलुन हाओलाओ (हितलाल कुकी) के रूप में हुई है। मुल्लम ग्राम प्राधिकरण का सीधा आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे तांगखुल उग्रवादियों ने उनके गांव को निशाना बनाया। इस घटना के बाद कुकी ऑर्गेनाइजेशन फॉर ह्यूमन राइट्स ट्रस्ट ने कड़ा ऐतराज जताते हुए दावा किया है कि मुल्लम और सोंगफाल गांवों में उग्रवादियों द्वारा कई घरों को आग के हवाले भी किया गया है।

गौरतलब है कि उखरुल मुख्य रूप से एक तांगखुल नगा बहुल क्षेत्र है, लेकिन फरवरी 2026 से यहां तांगखुल और कुकी समुदायों के बीच लगातार तनाव सुलग रहा है। पिछले हफ्ते भी इसी इलाके में उग्रवादी हमले में दो तांगखुल व्यक्तियों की जान गई थी। लगातार बिगड़ते हालात और खूनी झड़पों को देखते हुए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और भारी संख्या में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *