April 19, 2026

नोएडा मज़दूर हिंसा यूपी का मुख्य आरोपी आदित्य आनंद तमिलनाडु से गिरफ़्तार

नोएडा, नोएडा में इस हफ़्ते की शुरुआत में हुए मज़दूरों के हिंसक विरोध प्रदर्शन के मामले में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने हिंसा के मुख्य आरोपी आदित्य आनंद उर्फ रस्ती को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ़्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी आदित्य आनंद ने हिंसा भड़काने की पूरी साज़िश रचने की बात स्वीकार कर ली है। गिरफ़्तारी के बाद पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर उत्तर प्रदेश ला रही है, ताकि मामले की तह तक जाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने गिरफ़्तारी की पुष्टि करते हुए कहा:
“नोएडा में मज़दूरों के हिंसक विरोध प्रदर्शन के मुख्य आरोपी आदित्य आनंद को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ़्तार कर लिया गया है। इस मामले में आगे की गहन जांच जारी है और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
क्या था मामला? : नोएडा में इस हफ़्ते की शुरुआत में मज़दूरों के एक विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाया गया था। पुलिस तब से ही इस घटना के पीछे के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी थी। आदित्य आनंद की गिरफ़्तारी को इस मामले के खुलासे में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *