April 11, 2026

भारतीय ध्वज वाले एलपीजी पोत ‘जग विक्रम’ ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार किया

नई दिल्ली, सरकार ने शनिवार को जानकारी दी कि भारत-ध्वज वाला एलपीजी जहाज ‘जग विक्रम’ सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुका है। यह जानकारी ऐसे समय में सामने आई है जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और समुद्री गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अनुसार, इस जहाज में करीब 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी लदा हुआ है और इसमें 24 नाविक सवार हैं। इसके 15 अप्रैल तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय ध्वज वाले जहाज से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है।
साथ ही, भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं और 24 घंटे शिपिंग कंट्रोल रूम के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। इस कंट्रोल रूम के शुरू होने के बाद से अब तक 5,973 कॉल और 12,675 से अधिक ईमेल संभाले गए हैं, जिनमें से पिछले 24 घंटों में ही 128 कॉल और 319 ईमेल शामिल हैं।
सरकार ने नौवहन महानिदेशालय के माध्यम से अब तक 2,009 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की है, जिनमें पिछले 24 घंटों में 81 नाविक शामिल हैं। देश भर के बंदरगाहों पर कामकाज सामान्य बना हुआ है और कहीं भी भीड़ या रुकावट की स्थिति नहीं है।
सरकार ने यह भी बताया कि विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि नाविकों की सुरक्षा और संचालन सुचारु बना रहे।
इस बीच, विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र में भारतीय दूतावास लगातार भारतीय समुदाय के संपर्क में हैं और उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक सहायता और सलाह जारी कर रहे हैं।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि वह क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रमों पर लगातार नजर बनाए हुए है और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के साथ मिलकर बेहतर समन्वय सुनिश्चित कर रही है, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *