April 6, 2026

ईरान ने इजरायल के हाइफा में दागीं मिसाइलें, 2 लोगों की मौत; पूरे इलाके में गूंज रहे सायरन

तेल अवीव, ईरान ने इज़रायल के हाइफ़ा शहर पर मिसाइल हमला किया, जिसमें अब तक दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लापता बताए जा रहे हैं। हमले के बाद मध्य इज़रायल में हवाई हमले के सायरन लगातार बज रहे हैं।

रविवार को ईरान ने इज़रायल पर चार मिसाइलें दागीं। इनमें से एक भारी मिसाइल हाइफ़ा में स्थित एक अपार्टमेंट बिल्डिंग पर गिरी, जिससे इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया। जो हिस्सा खड़ा बचा, वह भी असंतुलित हो गया, जिससे उसके गिरने का खतरा बना हुआ है और राहत-बचाव कार्य जटिल हो गया।

राहत और बचाव दल पूरी रात अभियान में जुटे रहे। सोमवार सुबह तक मलबे से दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं। इज़रायली सेना के अनुसार, ईरान की ओर से और मिसाइलें दागे जाने की आशंका के चलते पूरे मध्य इज़रायल में अलर्ट जारी कर सायरन बजाए गए।

हाइफ़ा उत्तरी इज़रायल का तीसरा सबसे बड़ा शहर है, जो भूमध्य सागर के तट और माउंट कार्मेल की ढलानों पर बसा है। अपने सामरिक महत्व के कारण यह शहर अक्सर हमलों के दायरे में रहता है। यह लेबनान सीमा के करीब होने की वजह से हिज़्बुल्लाह के रॉकेटों की मारक सीमा में भी आता है।

अपार्टमेंट पर मिसाइल गिरने के बाद राहत कार्य जारी था, तभी एक और संभावित हमले की चेतावनी जारी की गई, जिसे बाद में हटा लिया गया। इससे पहले सोमवार सुबह ईरान की ओर से तीन और मिसाइलें दागे जाने की जानकारी मिली थी। इनमें से अधिकांश को इज़रायल ने बीच में ही निष्क्रिय कर दिया, जबकि कुछ मिसाइलें खुले इलाकों में गिरीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *