April 4, 2026

अमृतसर पुलिस ने आईईडी और अन्य संदिग्ध सामग्री के साथ एक युवक को किया गिरफ्तार

अमृतसर, पंजाब के अमृतसर देहाती पुलिस ने आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) और अन्य संदिग्ध सामग्री के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान से जुड़े तस्करों के संपर्क में था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरमन सिंह पुत्र मेजर सिंह, निवासी गांव उमरपुरा, तहसील अजनाला के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने फरवरी 2026 में पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के निर्देश पर आईईडी और अन्य विस्फोटक सामग्री प्राप्त की थी। पुलिस को शक है कि वह किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। यह कार्रवाई सीआईए टीम अमृतसर देहाती और थाना अजनाला पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए ऑपरेशन के दौरान की गई। खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की।
पुलिस के अनुसार हरमन सिंह के पास से करीब 530 ग्राम आईईडी, एक पीटीडी स्विच, एक वोल्टेज बैटरी और एक बिना नंबर का मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। इन बरामद वस्तुओं से साफ संकेत मिलता है कि आरोपी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में था।
उन्होने बताया कि जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे तस्करों और संदिग्ध तत्वों के लगातार संपर्क में था और उनके इशारों पर काम कर रहा था। यह मामला अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसे ध्यान में रखते हुए जांच को और गहराई से आगे बढ़ाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए छापेमारी और जांच अभियान तेज कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी घटना को टाल दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। जिससे सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते एक संभावित बड़ी साजिश को नाकाम कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *