April 2, 2026

भाजपा ऑफिस अटैक के बाद पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी

पुलिस प्रशासन अलर्ट

चंडीगढ़, सेक्टर-37 स्थित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश मुख्यालय के बाहर हुए ब्लास्ट मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में इस्तेमाल किया गया विस्फोटक GHD2P हैंड ग्रेनेड था, यह ग्रेनेड पाकिस्तान में बनाया जाता है। वहीं अब पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

यह चौथी बार है जब पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस बार धमकी भरा ईमेल पुलिस मुख्यालय को भेजा गया, जबकि इससे पहले तीनों बार ईमेल हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार की आधिकारिक मेल आईडी पर प्राप्त हुए थे।

वहीं, बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर हुए ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियों ने बताया कि यह ग्रेनेड विस्फोट के बाद 5 से 10 मीटर के दायरे में अत्यंत घातक प्रभाव डालता है, जबकि इसके छर्रे 20 से 25 मीटर तक फैल सकते हैं। ऐसे में आसपास मौजूद लोगों के लिए यह हमला बेहद जानलेवा साबित हो सकता था।

इस बीच घटना से जुड़े दो नए सीसीटीवी वीडियो भी सामने आए हैं। पहले वीडियो में हमले से कुछ मिनट पहले बीजेपी कार्यालय के नजदीक स्थित एक अन्य दफ्तर के बाहर दो संदिग्ध व्यक्ति खड़े दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरे वीडियो में विस्फोट के तुरंत बाद दोनों संदिग्ध सड़क पार कर मौके से भागते हुए नजर आते हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और हाईकोर्ट सहित संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां ब्लास्ट और धमकी के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *