March 30, 2026

पंजाब सरकार ने महिलाओं को 1000 रुपए महीना देने की दी मंजूरी

इस महीने से सीधे बैंक खातों में आएंगे पैसे

चंडीगढ़, पंजाब सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ी राहत देते हुए एक महत्वपूर्ण योजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देने की योजना पर अंतिम मुहर लगा दी गई।

इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए दिए जाएंगे, जबकि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह मिलेगे। सरकार ने तय किया है कि यह राशि अप्रैल से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को औपचारिक स्वीकृति दी गई। इससे पहले 8 मार्च को पेश किए गए बजट में ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ का ऐलान किया गया था, जिसमें महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया था।

करीब 9,300 करोड़ रुपये के वार्षिक बजट वाली इस योजना से राज्य की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जानकारी दी है कि योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 13 अप्रैल, यानी बैसाखी के दिन से शुरू की जाएगी। सरकार का दावा है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ-साथ उनके सामाजिक सशक्तिकरण में भी अहम भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *