March 28, 2026

दूल्हे ने दो लड़कियों से रचाई शादी, दोनों के साथ एक ही मंडप में लिए फेरे

कोंडागांव, जिले के फरसगांव ब्लॉक के बैलगांव गांव में एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है। यहां एक युवक ने एक साथ दो युवतियों से विवाह कर सभी को चौंका दिया। खास बात यह रही कि यह शादी पूरी तरह दोनों दुल्हनों, दूल्हे और उनके परिवारों की सहमति से संपन्न हुई, जिसे गांव और समाज ने भी स्वीकार किया।

24 मार्च को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न इस विवाह में दूल्हे ने एक ही मंडप में दोनों दुल्हनों के साथ फेरे लिए। शादी से पहले छपे निमंत्रण पत्र में भी दोनों दुल्हनों के नाम शामिल किए गए थे, जिससे यह आयोजन पहले ही इलाके में चर्चा का विषय बन गया था।शादी समारोह में हल्दी, बारात और भोज सहित सभी रस्में धूमधाम से निभाई गईं। विवाह के बाद दूल्हा और दोनों दुल्हनों ने डीजे की धुन पर जमकर डांस किया। बारातियों और ग्रामीणों ने भी इस खास मौके को उत्सव की तरह मनाया, जिससे माहौल किसी फिल्मी दृश्य जैसा नजर आया। अब इस शादी के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।जानकारी के अनुसार, बैलगांव निवासी गजेंद्र यादव के पुत्र हितेश ने शंकरपुर की फूलबती और बनियागांव की यामिनी से विवाह किया। दोनों दुल्हनों के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। यह विवाह पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ।

23 मार्च को मण्डपाच्छादन और हल्दी की रस्में निभाई गईं, जबकि 24 मार्च को पाणिग्रहण, लग्न और आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया।बस्तर क्षेत्र के जनजातीय और ग्रामीण इलाकों में कई बार विशेष परिस्थितियों और आपसी सहमति के आधार पर ऐसे फैसले लिए जाते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, तीनों परिवारों और समाज के बुजुर्गों की सहमति से यह विवाह कराया गया, ताकि भविष्य में किसी तरह का विवाद न हो।

हालांकि, भारतीय कानून—विशेष रूप से हिंदू विवाह अधिनियम—में एक से अधिक विवाह को मान्यता नहीं है। इसके बावजूद, कई ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक परंपराएं और स्थानीय सहमति कई बार कानूनी जटिलताओं पर भारी पड़ती नजर आती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *