March 28, 2026

इंडिया इनोवेट्स 2026 में शामिल हुईं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, युवाओं से किया दिल्ली 2.0 का आह्वान

युवाओं की ऊर्जा और इनोवेशन ही भारत की सबसे बड़ी पूंजी: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इनोवेट्स 2026 – दुनिया का सबसे बड़ा हैकाथॉन नाम के बड़े आयोजन में भाग लेकर देशभर से आए युवाओं का उत्साह बढ़ाया। इस कार्यक्रम में हजारों युवाओं, प्रतिभागियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस साल के आयोजन का विषय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोट तकनीक और जनहित से जुड़े नए विचारों पर आधारित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां मौजूद युवा केवल तकनीक तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे शहरों को बेहतर बनाने, लोकतंत्र को मजबूत करने और समाज को ज्यादा सक्षम बनाने के लिए ठोस समाधान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही पीढ़ी है जो आइडियाज को इनोवेशन में इनोवेशन को इंपैक्ट में बदलने की क्षमता रखती है। देश के कोने-कोने से आए प्रतिभाशाली युवाओं की ऊर्जा, कौशल और संकल्प भारत की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व में एक युवा देश के रूप में जाना जाता है, जहां 60 प्रतिशत से अधिक आबादी युवा है। इतनी बड़ी जनसंख्या भारत की सबसे बड़ी ताकत है और यही युवा देश को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे ।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस हैकाथॉन में एक करोड़ से अधिक प्रतिभागियों में से चयनित 5000 से अधिक युवा वास्तव में भारत के डिजिटल भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं और इनकी सोच आने वाले समय में शासन, समाज और अर्थव्यवस्था की दिशा तय करेगी। उन्होंने युवाओं से दिल्ली 2.0 के निर्माण का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ऐसी दिल्ली का निर्माण किया जाना चाहिए जो इनोवेशन से प्रेरित हो, इंक्लूजन से सशक्त हो और जहां तकनीक के साथ-साथ विश्वास को भी समान महत्व दिया जाए। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार युवाओं के विचारों और नवाचारों को शासन प्रणाली से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि तकनीक के माध्यम से नागरिकों का जीवन अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *