March 12, 2026

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग

सिर पर तानी रिवॉल्वर

जम्मू, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। राहत की बात यह रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, फारूक अब्दुल्ला एक कार्यकर्ता के परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी उनके साथ मौजूद थे। कार्यक्रम के बीच एक व्यक्ति अचानक पीछे से उनके करीब पहुंच गया और रिवॉल्वर तानकर फायर करने की कोशिश की।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि लगभग 70 वर्षीय हमलावर कमल सिंह जामवाल ने पीछे से आकर रिवॉल्वर तान दी। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसका हाथ पकड़ लिया, जिससे गोली हवा में चल गई और बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से फारूक अब्दुल्ला को मारने की मंशा रखता था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के पास कई वर्षों से लाइसेंसी हथियार है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह एक कारोबारी है और पुराने शहर में उसकी कुछ दुकानें हैं। जिस शादी समारोह में यह घटना हुई, वह नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ता सुरजीत सिंह के बेटे का कार्यक्रम था और आरोपी उसी परिवार का रिश्तेदार बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *