पंजाब के गुरदासपुर में ज्वेलर्स के परिवार को बंधक बना 3 करोड़ लूटे
पत्नी के सिर पर तानी पिस्टल
गुरदासपुर, पंजाब के गुरदासपुर में बुधवार सुबह एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। निहंग सिंह के वेश में आए पांच हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलर्स के घर में घुसकर करीब 3 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और नकदी लूट ली। घटना के दौरान बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया और बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी।
यह घटना जेल रोड स्थित स्कीम नंबर-5 इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ज्वेलर्स वरुण महाजन के घर सुबह करीब 8 बजे पांच लोग निहंग सिंह के बाणे में पहुंचे। उस समय घर का ड्राइवर सरबजीत सिंह बाहर गाड़ियां साफ कर रहा था। बदमाशों ने उससे बात की और उसे घर के अंदर मालिक को बुलाने के लिए कहा। जैसे ही ड्राइवर अंदर गया, सभी बदमाश उसके पीछे-पीछे घर में घुस आए।
घर में घुसते ही बदमाशों ने परिवार को डराना शुरू कर दिया। उन्होंने दावा किया कि परिवार ने सोशल मीडिया पर उनके गुरुओं के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट की है, इसलिए वे बात करने आए हैं। इसी दौरान एक बदमाश ने ज्वेलर्स की पत्नी नेहा महाजन के सिर पर पिस्टल तान दी और पूरे परिवार को एक जगह इकट्ठा कर लिया।
इसके बाद लुटेरों ने सभी को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया। ड्राइवर सरबजीत सिंह को एक कमरे में, नेहा महाजन और उनके दो बच्चों कृष और शिखर को दूसरे कमरे में तथा वरुण महाजन को तीसरे कमरे में बंद कर दिया गया। बदमाशों ने घर की सभी चाबियां अपने कब्जे में ले लीं और बच्चों को जान से मारने की धमकी देते हुए घर की तलाशी ली।
लुटेरे घर में रखे सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। जाते समय वे घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए और परिवार की कार लेकर मौके से भाग निकले। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश करीब 3 करोड़ रुपये की संपत्ति लूटकर ले गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
