February 23, 2026

रूस का बड़ा मिसाइल-ड्रोन हमला, कीव समेत कई शहरों में तबाही

एक पुलिसकर्मी की मौत

नई दिल्ली, रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और अन्य प्रमुख शहरों पर क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों के साथ ड्रोन से व्यापक हमला किया। इस हमले में ओडेसा बंदरगाह, ऊर्जा संयंत्रों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया गया।

हमलों में लवीव शहर में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बताया कि कीव के अलावा निप्रो, किरोवोड, मिकोलेव, पोल्टावा, लवीव और सुमी क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया। हमले के कारण बड़ी संख्या में आवासीय इमारतों और रेलवे संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है।

ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस युद्ध को बातचीत के जरिए समाप्त करने के बजाय हमलों के माध्यम से यूक्रेन को अधिक नुकसान पहुंचाने पर ध्यान दे रहा है। उनके अनुसार, इसी सप्ताह रूस ने यूक्रेन पर 1,300 ड्रोन, 1,400 गाइडेड बम और 96 मिसाइलें दागी हैं। ताजा हमले में 33 मिसाइलें और 274 ड्रोन दागे गए।

गौरतलब है कि चार वर्षों से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने के लिए अमेरिका लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन जमीनी कब्जों को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। इससे पहले शनिवार को यूक्रेन ने रूस की सीमा के भीतर करीब 1,400 किलोमीटर अंदर तक ड्रोन हमला किया था, जिसमें रूस की एक मिसाइल फैक्ट्री को नुकसान पहुंचा और 11 लोग घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *