February 22, 2026

मेरठ में हाई अलर्ट के बीच पुलिस चौकी के पास मिला युवती का शव

पहचान छिपाने के लिए तेजाब से जलाया चेहरा

मेरठ, प्रधानमंत्री के दौरे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जिले में मौजूदगी के चलते पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। हर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है। लेकिन सुरक्षा की इन तमाम कड़ी व्यवस्थाओं को धता बताते हुए अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। मवाना पुलिस चौकी के ठीक पास कुछ अज्ञात लोग एक युवती का शव फेंक कर फरार हो गए और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।

शुरुआती जांच में यह साफ हो गया है कि युवती की बेहद बेरहमी के साथ हत्या की गई है। हत्यारों ने उसकी शिनाख्त मिटाने के खौफनाक मकसद से चेहरे को तेजाब से बुरी तरह जला दिया है। फोरेंसिक टीम की प्राथमिक जांच के अनुसार, युवती की हत्या करीब 24 घंटे पहले किए जाने की आशंका है। मृतका की उम्र लगभग 27 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर काले रंग की लेगी और टीशर्ट है, जबकि सीधे हाथ में एक कड़ा पहना हुआ है। शव से हल्की दुर्गंध भी आने लगी थी। पुलिस का मानना है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई है और शव को केवल ठिकाने लगाने के लिए इस जगह का इस्तेमाल किया गया है।

यह घटना मेरठ-पौड़ी हाईवे पर मवाना खुर्द पुलिस चौकी से कुछ ही कदम की दूरी पर स्थित फ्लाईओवर की सर्विस रोड की है। यहां किनारे पर स्थित भगवती फार्म हाउस को एक कृत्रिम चारदीवारी से कवर किया गया है। शनिवार शाम को फार्म हाउस में कोई कार्यक्रम चल रहा था, जिसके चलते लोगों ने वहां अपने वाहन खड़े किए थे। आते-जाते समय जब लोगों की नजर दीवार के पास पड़ी, तो वहां शव देखकर हड़कंप मच गया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज सतेंद्र कुमार और महिला सिपाहियों ने घटनास्थल व शव का बारीकी से मुआयना किया।

आसपास के लोगों से काफी पूछताछ के बावजूद फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मवाना के सीओ पंकज लवानियां ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है। चेहरे के बुरी तरह झुलस जाने के कारण पहचान में काफी दिक्कत आ रही है। पुलिस अब डीसीआरबी को सूचित कर जिले के सभी थानों से हाल ही में लापता हुई महिलाओं और युवतियों का ब्योरा जुटा रही है, ताकि जल्द से जल्द मृतका की पहचान सुनिश्चित कर हत्यारों तक पहुंचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *