February 22, 2026

रोटी पर थूक लगाकर पकाने का घिनौना वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार

अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक ढाबे पर कारीगर द्वारा रोटी पर थूक लगाकर पकाने का शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना थाना रोरावर क्षेत्र के तेलीपाड़ा स्थित शादाब चिकन दरबार होटल की बताई जा रही है। वीडियो के सामने आते ही पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने तुरंत हरकत में आते हुए कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी कारीगर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि खाद्य विभाग ने होटल को फिलहाल बंद करा दिया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 21 फरवरी को करीब 6-6 सेकंड की दो वीडियो क्लिप सामने आई थीं। इन क्लिप में होटल का एक कारीगर रोटियां बनाते समय उन पर थूक लगाता हुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। सूचना मिलते ही रोरावर थाना पुलिस ने बिना कोई देरी किए होटल की पहचान की और मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस ने आरोपी कारीगर को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।इस घिनौनी करतूत की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने होटल से विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे हैं जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर जांच पूरी होने तक शादाब चिकन दरबार होटल का संचालन पूरी तरह से बंद करा दिया है। अलीगढ़ के क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय कमलेश कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो प्राप्त होते ही ढाबे की पहचान कर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और मौके पर पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है। अन्य संबंधित विभागों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *