March 17, 2026

सुक्खू ने कांग्रेस हाईकमान तक पहुंचाया आरडीजी बंद होने का मामला

खड़गे और राहुल गांधी से मांगी मदद

नई दिल्ली, 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत हिमाचल सहित 17 राज्यों को मिलने वाला राजस्व घाटा अनुदान बंद किए जाने का मामला कांग्रेस हाईकमान तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर इस मुद्दे पर मदद मांगी।
बैठक में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, कई कैबिनेट मंत्री, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा भी मौजूद रहे। आरडीजी बंद होने से प्रदेश की आर्थिकी पर गंभीर असर की आशंका जताई गई। पिछले वर्षों में हिमाचल को अरबों रुपये की केंद्रीय सहायता मिली थी, जबकि अब विकास कार्यों, कर्मचारियों के डीए और एरियर भुगतान पर दबाव बढ़ने की संभावना है।मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी से इस मुद्दे को संसद में उठाने का आग्रह किया है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मिलने की कोशिशें भी जारी हैं।

बैठक में अमेरिका के साथ प्रस्तावित फ्री ट्रेड डील पर भी चर्चा हुई, जिससे प्रदेश की लगभग 5000 करोड़ रुपये की सेब आधारित अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर की आशंका जताई गई। बैठक में आनंद शर्मा की मौजूदगी को 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हिमाचल में एक सीट पर होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *