February 20, 2026

दिल्ली के एआई समिट में यूथ कांग्रेस ने किया हंगामा

भारत मंडपम में टी-शर्ट खोलकर की नारेबाजी

नई दिल्ली, राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित हो रहे हाई-प्रोफाइल एआई इम्पैक्ट समिट में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद जमकर हंगामा देखने को मिला। यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता सुरक्षा घेरा तोड़कर मुख्य हॉल के पास पहुंच गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आक्रामक नारेबाजी करते हुए पीएम इज कॉम्प्रोमाइजड के नारे लगाने लगे। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त समिट में देश-विदेश के कई दिग्गज नेता और प्रतिनिधि मौजूद थे। अचानक हुए इस बवाल के बाद सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और प्रदर्शनकारियों को परिसर से बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, करीब 10 लोगों का समूह क्यूआर कोड के जरिए स्कैनिंग कर अंदर घुसा था, जिनमें से 4 से 5 लोगों को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने ले जाया गया है। पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि इतने कड़े पहरे के बावजूद यह लोग बैनर-पोस्टर लेकर अंदर तक कैसे पहुंच गए।

इस ड्रामे के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया है। बीजेपी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना को ‘राष्ट्रीय शर्म’ करार दिया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि एक तरफ भारत इस प्रतिष्ठित वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर तकनीकी क्षेत्र में अपना नेतृत्व और लोहा मनवा रहा है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने गरिमा के बजाय व्यवधान को चुना। मालवीय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर आयोजन स्थल पर जो हंगामा किया, वह स्पष्ट रूप से विश्व मंच पर भारत की छवि को खराब करने और देश को शर्मिंदा करने की एक सोची-समझी साजिश थी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि लोकतांत्रिक देश में राजनीतिक विरोध का अधिकार सबको है, लेकिन वैश्विक स्तर पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाना किसी का अधिकार नहीं है।

गौरतलब है कि भारत मंडपम में चल रहा यह आयोजन ग्लोबल साउथ में भारत द्वारा आयोजित पहला वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन है, जिसने अंतरराष्ट्रीय भागीदारी का एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। इस मेगा इवेंट में 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 60 मंत्री और 500 से ज्यादा वैश्विक एआई विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा, देश-विदेश के नीति-निर्माता, प्रौद्योगिकी कंपनियों के प्रतिनिधि, स्टार्टअप्स और उद्योग जगत के तमाम दिग्गज भी एक साझा मंच पर मौजूद हैं। इस समिट का मुख्य उद्देश्य इंडिया एआई मिशन और डिजिटल इंडिया पहल के तहत वैश्विक एआई संवाद को ठोस विकास परिणामों में बदलना है। ऐसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच पर हुए इस विरोध प्रदर्शन ने अब एक बड़े राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *