December 22, 2025

सुनील जाखड़ ने संभाली पंजाब भाजपा की कमान

शि. प. , गत वर्ष मई माह में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए सुनील जाखड़ को पंजाब भाजपा की कमान सौंप दी गई है। पिछले कुछ दिनों से इस बात की चर्चा होने लगी थी कि अश्वनी शर्मा की जगह अब सुनील जाखड़ को पंजाब भाजपा का प्रधान बनाया जा रहा है। आज इस बात की विधिवत घोषणा कर दी गई। आज सुनील जाखड़ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे जहां उन्हें पंजाब की कमान सौंपने बारे पत्र दिया गया। सुनील जाखड़ दिग्गज कांग्रेसी नेता रहे बलराम जाखड़ के बेटे हैं और पंजाब कांग्रेस में वे महत्वपूर्ण स्थान रखते रहे हैं। सुनील जाखड़ पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं लेकिन हिंदू चेहरा होने के कारण वे पंजाब के मुख्यमंत्री बनते बनते रह गए थे। अबोहर से दो बार विधायक व गुरदासपुर से एक बार सांसद रहे सुनील जाखड़ ने गत विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के उपरांत कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था। अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में विधानसभा के साथ-साथ संगरूर व जालंधर लोकसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा था। ऐसे में पार्टी ने पंजाब में कांग्रेस से भाजपा में आए वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ की अध्यक्षता में आगामी लोकसभा चुनावों में दांव खेलने का मन बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *