February 11, 2026

कुल्लू के सभी सरकारी कार्यालयों में विशेष सफाई अभियान

कुल्लू के सभी सरकारी कार्यालयों में मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार माह के अन्तिम शनिवार को प्रत्येक कार्यालय में स्वच्छता के तहत विशेष सफाई अभियान चलाया गया । उपायुक्त तोरुल रवीश ने जानकारी दी कि कुल्लू जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में एक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य कार्यालय परिसरों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना, अनावश्यक फ़ाइलों और पुराने सामानों का निपटान करना और कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार महीने के अन्तिम शनिवार को प्रत्येक कार्यालय में स्वच्छता के तहत विशेष सफाई अभियान चलाया जाता है।

आज दिन में इस अभियान में सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उपायुक्त कार्यालय से लेकर तहसील, ब्लॉक और मिनी सचिवालय तथा अन्य सभी सरकारी कार्यालयों तक, हर जगह स्वच्छता कार्य के अंतर्गत कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यालयों, गलियारों, कमरों और शौचालयों की गहन सफाई की। इस दौरान पुरानी फाइलों, कबाड़ और अनुपयोगी सामानों को अलग कर उनका सही तरीके से निपटान किया गया।

उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि, “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी आदत होनी चाहिए। एक स्वच्छ कार्यस्थल न केवल हमें बेहतर महसूस कराता है, बल्कि हमारी कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है।” उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया। इस अभियान में सभी सरकारी विभागों, जैसे सूचना एवं जनसंपर्क, कल्याण, बागवानी, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, वन, लोक निर्माण, आदि और अन्य सभी कार्यालयों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *