कनाडा में पंजाबी दंपती की मौत, घर में खून से लथपथ मिले शव
एक आरोपी हिरासत में
कैलगरी, पंजाब के लुधियाना जिले के दंपती जैस्मीन कौर और एकमवीर सिंह की कनाडा के कैलगरी शहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने उनके शव घर में खून से लथपथ हालत में पाए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दावा किया जा रहा है कि दंपती को गोली लगी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कैलगरी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों संभावनाओं पर जांच कर रही है।
जैस्मीन कौर और एकमवीर सिंह मूल रूप से लुधियाना के जगराओं क्षेत्र के चौकीमान गांव के निवासी थे। बेहतर भविष्य की तलाश में वे कनाडा गए थे। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका थे। चौकीमान गांव के सरपंच केवल सिंह ने कहा, “कोई कह रहा है कि दोनों को गोली लगी है, तो कोई मान रहा है कि आत्महत्या हुई है। सच्चाई का पता केवल पुलिस ही लगा सकती है।” सरपंच ने यह भी बताया कि एकमवीर सिंह के माता-पिता की काफी समय पहले मौत हो गई थी। इसके बाद उनका भाई अपने नाना के घर में रहने लगा। एकमवीर कभी-कभी ही गांव आता था।
कैलगरी पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए इसकी गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के सही कारणों का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो 403-266-1234 पर संपर्क करें। गुमनाम सूचना देने के लिए क्राइम स्टॉपर्स 1-800-222-8477 पर कॉल किया जा सकता है।
