February 27, 2026

पंजाब में फाइनेंसर ने पत्नी और 2 मासूम बेटियों को गोली मारकर खुद को उड़ाया

बेडरूम में मिलीं 4 लाशें

फिरोजपुर, पंजाब के फिरोजपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शहर के हरमन नगर इलाके में एक हंसते-खेलते परिवार का बेहद दर्दनाक अंत हो गया। यहां रहने वाले फाइनेंसर और सैलून मालिक माही सोढ़ी (अमनदीप सिंह) ने अपनी पत्नी और दो मासूम बेटियों की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

वारदात का खुलासा तब हुआ जब सुबह घर में काम करने वाली सफाई कर्मचारी पहुंची। उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और आवाजें दीं, लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। घबराकर उसने ऊपर की मंजिल पर रहने वाले किराएदार को सूचित किया। किराएदार ने माही को फोन भी किया, अंदर घंटी बजती रही लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। अनहोनी या गैस चढ़ने की आशंका के चलते किराएदार और पड़ोसी करनजीत सिंह ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर देख उनके होश उड़ गए। बेडरूम में अमनदीप, उसकी पत्नी जसवीर कौर, 10 वर्षीय बेटी मनवीर और 6 वर्षीय बेटी परनीत की खून से लथपथ लाशें पड़ी थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी भूपिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से वह पिस्टल भी बरामद कर ली है, जिससे गोलियां चलाई गई थीं। एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी फुटेज को पुलिस खंगाल रही है। इससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि घटनाक्रम कैसे हुआ और क्या वाकई माही सोढ़ी ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है या इसके पीछे कोई और साजिश है।

इस घटना से पड़ोसियों और रिश्तेदारों में गहरा सदमा है। आसपास के लोगों के मुताबिक, यह परिवार बेहद मिलनसार था। बीती रात ही उन्हें साथ में खुश होकर घूमते हुए देखा गया था, लेकिन सुबह 11 बजे उनकी मौत की खबर ने सबको सन्न कर दिया। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि आखिर ऐसी क्या वजह रही होगी कि पिता ने अपनी ही फूल जैसी बच्चियों और पत्नी को मौत की नींद सुला दिया। पुलिस अब आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *